देशभर में इन दिनों गैस सिलेंडर को लेकर कई तरह की बातें सुनने को मिल रही हैं। खासकर मध्य पूर्व में चल रहे तनाव ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते हालात को देखते हुए लोगों में यह डर बन गया है कि कहीं LPG की सप्लाई पर असर न पड़ जाए। लेकिन अब इस पर देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी Indian Oil Corporation (IOC) ने साफ-साफ स्थिति स्पष्ट कर दी है।

कंपनी का कहना है कि देश में LPG यानी रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह से सामान्य बनी हुई है। ऐसे में लोगों को घबराने या जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक करने की कोई जरूरत नहीं है।
रोजाना लाखों सिलेंडर की सप्लाई जारी
IOC के मुताबिक, देशभर में हर दिन करीब 28 लाख LPG सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है। यह वही आंकड़ा है जो सामान्य दिनों में होता है। यानी अंतरराष्ट्रीय हालात का भारत की घरेलू गैस सप्लाई पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ा है।
कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि हर घर तक समय पर गैस पहुंच रही है और आगे भी यह व्यवस्था बनी रहेगी।
अफवाहों से बचने की अपील
कंपनी ने खास तौर पर लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या आसपास फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें।
IOC का साफ कहना है कि घबराकर गैस बुक करना या स्टॉक जमा करना गलत है और इससे दूसरों को परेशानी हो सकती है।
लोगों को सलाह दी गई है कि वे सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें और बिना जरूरत गैस एजेंसी पर भीड़ न लगाएं।
पारदर्शिता और भरोसे का दावा
IOC ने यह भी कहा है कि वह गैस की उपलब्धता बनाए रखने के साथ-साथ वितरण प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने पर काम कर रही है। कंपनी का लक्ष्य है कि हर उपभोक्ता को बिना किसी परेशानी के समय पर सिलेंडर मिले और सिस्टम में किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
गड़बड़ियों पर सख्त कार्रवाई
हालांकि कुछ जगहों से LPG वितरकों की अनियमितताओं की शिकायतें जरूर सामने आई हैं।
इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए IOC ने अब तक 7,500 से ज्यादा निरीक्षण किए हैं 141 वितरकों के खिलाफ कार्रवाई की है और 5 वितरकों को निलंबित भी किया गया है
कालाबाजारी और जमाखोरी पर शिकंजा
कंपनी ने राज्य सरकारों और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर कार्रवाई भी की है।
अब तक करीब 68,000 छापे मारे गए, 855 एफआईआर दर्ज हुईं और 48,000 से ज्यादा सिलेंडर जब्त किए गए
इन कदमों का मकसद साफ है की आम लोगों तक सही समय पर गैस पहुंचे और कोई भी जमाखोरी या कालाबाजारी न कर सके।
डिजिटल बुकिंग का बढ़ता चलन
अब LPG बुकिंग का तरीका भी तेजी से बदल रहा है। IOC के अनुसार, करीब 87% बुकिंग डिजिटल माध्यमों से हो रही है। लोग SMS, मोबाइल ऐप और IVRS जैसे तरीकों का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे बुकिंग प्रक्रिया आसान और तेज हो गई है।
OTP सिस्टम से सुरक्षित डिलीवरी
डिलीवरी को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कंपनी ने OTP आधारित सिस्टम लागू किया है। जब सिलेंडर आपके घर आता है, तो आपके मोबाइल पर एक OTP भेजा जाता है, जिसे डिलीवरी बॉय को बताना होता है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि सिलेंडर सही ग्राहक को ही मिले।











